
दीप सिंह, लखनऊ: भाजपा संगठन चुनावों में घमासान अभी खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। दो महीने की कशमकश के बाद प्रदेश चुनाव अधिकारी ने रविवार को जिलाध्यक्षों के नामों का ऐलान करने के निर्देश दिए हैं। चुनाव अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और पदाधिकारियों की कड़ी निगरानी में जिला स्तर से अध्यक्ष के नामों का ऐलान किया जाएगा लेकिन सूत्रों का कहना है कि अब भी करीब एक दर्जन जिले ऐसे हैं, जहां नामों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। हो सकता है, इन जिलों में जिलाध्यक्ष के नामों का ऐलान न हो पाए।भाजपा संगठन चुनाव अक्टूबर में शुरू हुआ था। तब यह दावा किया जा रहा था कि नए साल की शुरुआत में पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा लेकिन अभी तक जिलाध्यक्षों का चुनाव ही पूरा नहीं हो पाया है। पहले तो मंडल अध्यक्ष चुनाव में ही काफी वक्त लग गया। मंडल अध्यक्षों के नामों का ऐलान ही जनवरी में हो पाया। उस समय कहा गया था कि जिलाध्यक्षों का चुनाव जनवरी अंत तक पूरा कर लिया जाएगा लेकिन वह दो महीने बाद रविवार को होगा।